गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक के बीच टक्कर, 10 की मौत…25 घायल

गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा हुआ है. शहर के कोटंबी स्टेडियम के पास एक लग्जरी निजी बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
बालाजी ट्रेवल्स की एक लग्जरी बस राजस्थान के बाड़मेर से सूरत की ओर जा रही थी. इसी दौरान वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम के पास बस चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और बस सामने खड़े एक ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मची चीख पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कई लोग बस के अंदर ही फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए विशेष बचाव अभियान चलाना पड़ा. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और वडोदरा अग्निशमन विभाग के जवानों ने राहत कार्य शुरू किया.
बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया. सभी घायलों को उपचार के लिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन ने भी आपात स्थिति को देखते हुए विशेष व्यवस्था की है. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
सड़क पर लगा लंबा जाम
हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया. दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटाने का काम भी जारी है.
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं. शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

Related Articles

Back to top button