CBI ने CREST फंड मामले में कसा शिकंजा, 13 आरोपी चार्जशीट में शामिल
CBI ने CREST से जुड़े रू75.34 करोड़ के कथित फंड गबन मामले में पहली चार्जशीट दाखिल की है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: CBI ने CREST से जुड़े रू75.34 करोड़ के कथित फंड गबन मामले में पहली चार्जशीट दाखिल की है. इसमें IDFC बैंक के अधिकारियों, CREST कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों समेत 13 आरोपी शामिल हैं. CBI वित्तीय लेन-देन और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसाइटी (CREST) से जुड़े 75.34 करोड़ रुपये के कथित फंड गबन मामले में पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है. यह चार्जशीट चंडीगढ़ स्थित विशेष CBI अदालत में पेश की गई. CBI ने इस मामले में कुल 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है.
जानकारी के मुताबिक चार्जशीट में IDFC फर्स्ट बैंक के 5 अधिकारियों, CREST (चंडीगढ़ प्रशासन) के 2 सरकारी कर्मचारी, 2 शेल कंपनियों और 4 निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है. जांच एजेंसी के अनुसार सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
क्या है मामला?
CBI जांच के मुताबिक, CREST के बैंक खातों से 75.34 करोड़ रुपये की सरकारी राशि कथित रूप से धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के तहत निकाली गई. आरोप है कि IDFC फर्स्ट बैंक के अधिकारियों ने CREST के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर इस रकम का गबन किया. बाद में यह पैसा कई निजी व्यक्तियों और संस्थाओं तक पहुंचाया गया, जिन्होंने इससे लाभ उठाया.
किन धाराओं में चार्जशीट?
चार्जशीट में आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक साजिश, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, जालसाजी, सबूत नष्ट करने जैसे आरोप लगाए गए हैं. इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं. CBI ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी अतिरिक्त चार्जशीट दाखिल की जाएंगी. एजेंसी वित्तीय लेन-देन, लाभार्थियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
3 बड़े मामलों की जांच कर रही है CBI
CBI ने बताया कि उसने ऐसे ही फंड गबन और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े तीन मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी. पहला मामला हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से लिया गया, जो हरियाणा सरकार के आठ विभागों से संबंधित है, वहीं दूसरा मामला चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड से जुड़ा है. जबकि तीसरा मामला CREST चंडीगढ़ का है.
इन मामलों में CBI पहले ही हरियाणा सरकार के 8 विभागों से जुड़े बैंक फ्रॉड मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ दो चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी हैं. वहीं चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी परियोजना मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ एक चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. वहीं अब CREST मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर की गई है.
CBI का बयान
CBI ने कहा कि वह भ्रष्टाचार और वित्तीय अपराधों की निष्पक्ष, गहन और त्वरित जांच के लिए प्रतिबद्ध है. जांच एजेंसी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जाए. सीबीआई ने कहा कि तीनों मामलों की जांच अभी जारी है.



