6 सांसदों की बगावत से हिली उद्धव सेना, संजय राउत बोले- पद पर रहकर सौदेबाजी नहीं चलेगी

दिल्ली में संजय राउत ने शिवसेना UBT में टूट की खबरों के बीच बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दिल्ली में संजय राउत ने शिवसेना UBT में टूट की खबरों के बीच बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिनको जाना है, वे इस्तीफा देकर जाएं. राउत ने बागियों पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए बीजेपी को भी घेरा और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी.

शिवसेना यूबीटी में टूट के बीच बुधवार को दिल्ली में संजय राउत के आवास पर पीसी हुई. इस दौरान उन्होंने बागी सांसदों पर जमकर हमला बोला. पीसी में तीन सांसद मौजूद थे. राउत ने कहा कि अभी तक मैं मानता हूं कि सब एक साथ हैं. मगर जिनको जाना है वो इस्तीफा देकर जाएं. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने इन सांसदों को जीताने में खून पसीना बहाया है. टिकट दिया, पैसा दिया, जितनी हमारी औकात थी, उतना किया. जिन सांसदों का नाम शिंदे गुट के साथ जाने का आया है, उनको खंडन करना चाहिए.

राउत ने कहा कि हमारे वोटर ने आपको जितवाया आप ऐसे नहीं जा सकते हैं. हमने कानूनी लड़ाई की तैयारी शुरु कर दी है. अभी तक जानकारी के मुताबिक, सभी सांसद हमारे साथ हैं. 14 तारीख को बैठक हुई थी. हमारे चार सांसद प्रत्यक्ष और बाकी लोग ऑनलाइन थे. सभी लोगों ने कहा था कि हम पार्टी के साथ हैं. हम छोड़कर नहीं जा रहे हैं.

शिवसेना UBT गुट के 9 सांसदों में से 6 बागी
उन्होंने कहा कि दो सांसदों ने साईं बाबा और मां भवानी और मां की शपथ लेकर हमारे साथ होने की बात कही. अगर फिर भी वो जाना चाहते हैं तो हम छोड़ेंगे नहीं. कल 11 बजे हमारी पार्लियामेंट्री बैठक है. कोई हमसे मिलकर ऐसा नहीं कह रहा है. किसी ने भी हमको छोड़ने की बात नहीं की. सभी उद्धव के चेहरे पर चुनाव जीते. बता दें कि उद्धव गुट के 9 सांसदों में 6 के बागी होने की बात हो रही है.

BJP ने जनतंत्र को बाजार बना दिया- राउत
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउत ने ये भी कहा कि बीती रात महाराष्ट्र के साथ धोखा हुआ. सांसदों की खरीद-फरोख्त हुई. बीजेपी बताए क्या रेट तय हुए. उन्होंने कहा कि बीजेपी टीएमसी की तरफ शिवसेना को तोड़ रही है. महाराष्ट्र में जो हो रहा है वो जनादेश के खिलाफ है. बीजेपी ने जनतंत्र को बाजार बना दिया है.

रोज उड़ रही है संविधान की धज्जियां- सावंत
यूबीटी के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि किसी ने भी हमको नहीं कहा कि हम पार्टी छोड़ रहे हैं. हमने ओम बिरला को चिट्ठी लिखी है कि जो होगा संविधान के तहत होगा. संविधान की धज्जियां रोज उड़ रही है. कल पार्टी की मीटिंग है. उसमें बात होगी. सांसदों से बात हुई है उन्होंने कहा कि हम आपके साथ है. वहीं सांसद अनिल देसाई ने कहा कि सांसदों को कौन लेकर जा रहा है. प्रवधान के तहत अरविंद ने एक पत्र लिखा है. पैसे लेने की बात मीडिया में आ रही है. हम उसी को देखकर बोल रहे हैं.

MP राजाभाऊ वाजे बोले- मैं उद्धव के साथ
शिवसेना UBT में फूट की अटकलों के बीच नासिक से शिवसेना UBT के सांसद राजाभाऊ वाजे दिल्ली पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि मैं उद्धव जी के साथ हूं और उनके साथ ही रहूंगा. मेरा किसी और से कोई संपर्क नहीं है. मुझे कोई कॉल नहीं आया है और न ही शिंदे जी ने मुझसे कोई संपर्क किया है. मैं नाराज नहीं हूं और उनके साथ हूं. मैं यहां एक कमिटी मीटिंग के लिए आया हूं.

उद्धव के साथ तीन, बागियों में कौन-कौन?
उद्धव के साथ

अरविंद सावंत
अनिल देसाई
राजाभाऊ वाजे
बागियों में कौन-कौन
नागेश पाटील आष्टीकर
संजय उत्तमराव देशमुख
ओमराजे निंबालकर
संजय (बंडू) जाधव
संजय दीना पाटिल
भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे

Related Articles

Back to top button