“राम मंदिर में चोरी करने वालों पर हनुमान जी की गदा चलेगी”, केशव मौर्य का बड़ा बयान
कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद पर उन्होंने कहा कि दोषियों पर "हनुमान जी की गदा चलेगी" और निष्पक्ष जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास और बदलाव का दौर बताते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। कानपुर पहुंचे डिप्टी सीएम ने राम मंदिर, धारा 370, गरीब कल्याण योजनाओं और देश के विकास को लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस पर भी राजनीतिक निशाना साधा।
राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसी दौरान उन्होंने कहा कि “राम मंदिर में चोरी करने वालों पर हनुमान जी की गदा चलेगी।”
मोदी सरकार के 12 साल को बताया ऐतिहासिक
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा करते हुए विकास और विश्वास दोनों अर्जित किए हैं। उनके अनुसार बीते 12 वर्षों में आत्मनिर्भर भारत, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब कल्याण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन कार्यों को पूरा करने में दशकों लग सकते थे, उन्हें मोदी सरकार ने अपेक्षाकृत कम समय में पूरा किया है। उनके अनुसार देश आज आर्थिक और वैश्विक स्तर पर पहले से अधिक मजबूत स्थिति में खड़ा है।
राम मंदिर और धारा 370 का किया जिक्र
अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में बने राम मंदिर और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित कई मुद्दों का समाधान वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुआ है, जिससे देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को सम्मान मिला है।
कानपुर के विकास पर कही बड़ी बात
कानपुर के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि शहर की तस्वीर में बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो विकास दिखाई दे रहा है, वह केवल शुरुआत है। उनके शब्दों में, “अभी तो यह सिर्फ झांकी है, पूरी तस्वीर बाकी है।” उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में कानपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
समाजवादी पार्टी पर बोला हमला
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदू समाज सबको साथ लेकर चलने वाला समाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल समाज को बांटने वाली राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसे दलों को जवाब देगी और विकास आधारित राजनीति को प्राथमिकता देगी।
राम मंदिर मामले पर जांच का भरोसा
राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि “गलती करने वालों पर हनुमान जी की गदा चलेगी”, जो उनके बयान का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया।
महिलाओं के आरक्षण पर भी रखी बात
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को राजनीतिक रूप से अधिक प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
2027 और 2047 को लेकर जताया भरोसा
बीजेपी में किसी प्रकार की अंदरूनी कलह की अटकलों को खारिज करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में भी जनता भाजपा को समर्थन देगी और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में डबल इंजन सरकार काम करती रहेगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: मिर्जापुर के जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश, इलाके में फैली सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस



