टेलीग्राम को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका

22 जून तक लगा रहेगा बैन, याचिका खारिज

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। टेलीग्राम ऐप पर अस्थाई रूप से लगी रोक के खिलाफ ऐप की याचिका दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। नीट यूजी री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम ऐप प्लेटफॉर्म पर 22 जून तक अस्थाई बैन लगाने के केंद्र सरकार के फैसले को टेलीग्राम ने दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनौती दी थी, जिसे हाईकोर्ट ने शुक्रवार (19 जून, 26) को खारिज कर दिया। यह फैसला जस्टिस तेजस कारिया की सिंगल बेंच ने सुनाया है।
कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि सरकार के फैसले को असंगत नहीं कह सकते हैं। जस्टिस तेजस करिया ने आईटी एक्ट की धारा 69० के तहत जारी आदेश को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करते हुए, 22 जून तक टेलीग्राम को ब्लॉक करने के सरकार के फैसले को बरकरार रखा है। जस्टिस तेजस करिया का मानना है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, सरकार की ओर से दिए गए कारण पर्याप्त थे और आईटी एक्ट की धारा 69० के तहत प्रक्रिया का सही ढंग से पालन किया गया था। कोर्ट का कहना है कि ब्लॉक करने और समीक्षा करने के आदेश ठोस आधार पर और कारणों के साथ दिए गए हैं और इनमें सोच-समझकर निर्णय न लेने जैसी कोई कमी नहीं है। कोर्ट ने टेलीग्राम के इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि यह प्लेटफॉर्म खुद आईटी एक्ट के तहत जानकारी के दायरे में नहीं आता है।
पिछले महीने नीट यूजी का एग्जाम 3 मई को हुआ था, लेकिन बाद में पेपर लीक का मामला सामने आया। इस पर देशभर में हंगामा भी देखने को मिला नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा। इसके बाद सरकार ने 3 मई की परीक्षा रद्द कर दी। अब 22 जून को फिर से एग्जाम होगा, ऐसे में सरकार हर तरह से एहतियात बरत रही है ताकि फिर से ऐसी कोई घटना न हो। इसी के चलते सरकार ने खतरे की संभावना को देखते हुए टेलीग्राम पर 22 जून तक के लिए अस्थाई बैन लगा दिया है।

नीट यूजी री-एग्जाम 16०० छात्रों की याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर

नई दिल्ली। नीट री-एग्जाम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कुछ छात्रों की एक अलग याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। छात्रों का कहना है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं और वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है। सीजेआई सूर्यकांत ने याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार किया। कोर्ट ने कहा कि इन सब चीजों के लिए न्यायिक मंच का इस्तेमाल हो रहा है। सीजेआई सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि नीट मामलों की सुनवाई एक अलग बेंच कर रही है और वे ही इस पर सुनवाई करेंगे जब वे बैठेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नीट पेपर से जुड़े सभी मामले पहले से ही जस्टिस पीएस नरसिम्हा की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने लिस्टेड हैं। नीट उम्मीदवारों की ओर से पेश वकील ने सीजेआई सूर्यकांत के सामने यह मामला उठाया। छात्रों की मांग थी कि इस मामले को तुरंत सुना जाए, इस पर सीजेआई ने कहा कि नीट से जुड़े सभी मामले जस्टिस पीएस नरसिम्हा की बेंच के सामने जाएंगे। इसमें कोई जल्दबाजी नहीं है।

एसआई भर्ती में बंद हो इंटरव्यू: पायलट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने एक बार फिर युवाओं की आवाज बुलंद की है। कोटा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विद्यार्थियों के साथ हुए संवाद के बाद पायलट ने शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं और रोजगार से जुड़े सवालों पर सरकार से जवाबदेह और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
सचिन पायलट ने कहा कि कोटा में राहुल गांधी ने हजारों विद्यार्थियों के बीच शिक्षा और रोजगार से जुड़े जिन मुद्दों को उठाया, वे देशभर के युवाओं की वास्तविक चिंताओं को सामने लाते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब विद्यार्थी वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं और फिर पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, मूल्यांकन में गड़बड़ी या अन्य अनियमितताओं का सामना करते हैं, तो उनके मन में व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा होना स्वाभाविक है। सचिन पायलट ने सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा का उल्लेेख करते हुए कहा कि देश के लगभग 14 से 15 राज्यों में एसआई भर्ती से इंटरव्यू की व्यवस्था समाप्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में जितने कम इंटरव्यू होंगे, अनियमितताओं और हस्तक्षेप की संभावनाएं भी उतनी ही कम होंगी। पायलट ने सवाल उठाया कि जब कई राज्यों में मेरिट आधारित चयन प्रणाली सफलतापूर्वक लागू है, तो राजस्थान में अब तक इंटरव्यू व्यवस्था क्यों जारी है।
उन्होंने राज्य सरकार से एसआई भर्ती में इंटरव्यू समाप्त कर केवल मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया लागू करने की मांग की, ताकि युवाओं का विश्वास बहाल हो सके और भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन सके।

यूएस-ईरान शांति वार्ता को झटका वेंस का स्विट्जरलैंड दौरा हुआ रद्द

इजरायल के हमले में लेबनान में 16 की मौत
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच अभी दो दिन पहले ही जिस ऐतिहासिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे, वह शुरू होने से पहले ही पूरी तरह खतरे में पड़ता नजर आ रहा है। एक तरफ जहां इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में रातभर भीषण बमबारी की है, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है।
वहीं दूसरी तरफ, स्विट्जरलैंड में होने वाली अमेरिका-ईरान की बेहद महत्वपूर्ण शांति वार्ता को टाल दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी में बुधवार को ही वर्साय के महल (फ्रांस) में अमेरिका और ईरान के बीच एक शुरुआती शांति समझौता हुआ था। इसका मकसद पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को रोकना था। इस समझौते में साफ कहा गया था कि लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकी जाएगी। लेकिन इस समझौते के तुरंत बाद इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले शुरू कर दिए। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक हिजबुल्लाह का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, इजरायली सेना लेबनान में ही रहेगी। बता दें कि इस 14-सूत्रीय शुरुआती समझौते को एक स्थायी शांति का रूप देने के लिए शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के बुर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में दोनों देशों के बीच तकनीकी बातचीत होनी थी। लेकिन यह बैठक रद्द हो गई है। कारण है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जो इस बातचीत की अगुवाई करने वाले थे, उन्होंने अपना स्विट्जरलैंड का दौरा टाल दिया है।

नेकां के सांसद केंद्र की राजग की सरकार का समर्थन नहीं करेंगे: उमर

जम्मू-कमश्मी के सीएम ने विपक्षी सांसदों के पाला बदलने पर जताई चिंता

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि नेशनल कॉन्फ्रें स (नेकां) के सांसद केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार का समर्थन नहीं करेंगे। हम आपको बता दें कि लोकसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस के दो और राज्यसभा में तीन सदस्य हैं।
तृणमूल कांग्रेस के 22 और शिवसेना यूबीटी के छह सांसदों द्वारा केंद्र सरकार का समर्थन किए जाने की खबरों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अब्दुल्ला ने कहा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। उमर अब्दुल्ला ने बांदीपुरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, इस सवाल का जवाब न तो मैं दे सकता हूं और न ही आप।
अब्दुल्ला ने बांदीपुरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, मैं कैसे कह सकता हूं कि द्रमुक या शिवसेना के सांसद क्या करेंगे? यह उन पर निर्भर करता है। यह उनकी अंतरात्मा पर निर्भर करता है। उनकी अंतरात्मा उन्हें जहां तक ले जाएगी, वे वहां तक जाएंगे। अब्दुल्ला ने कहा, जहां तक नेकां के सांसदों का सवाल है, हम भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार का कभी समर्थन नहीं करेंगे। हम आपको यह भी बता दें कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज गांदरबल स्थित खीर भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाद में मीडिया से बातचीत में उमर अब्दुल्ला ने कहा, 22 जून को खीर भवानी मेले का शुभ अवसर है। दुनिया भर से लोग देवी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए यहां इक_ा होंगे। यहां का विधायक होने के नाते, मैं यह देखने आया हूं कि व्यवस्थाएं कैसी हैं, क्या तैयारियां की जा रही हैं और क्या काम बाकी है। यहां के पुजारियों से बात करने के बाद मुझे पता चला है कि 2-3 चीजों की जरूरत है। हम 22 जून से पहले इन कामों को पूरा करने की कोशिश करेंगे।

राहुल गांधी मना रहे 56वां जन्मदिन, पूरे देश में कांगे्रस ने मनाया जश्न

नेता प्रतिपक्ष को मोदी व खरगे ने दी बधाई
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओ ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को 56 वर्ष के हो गए। उनके जन्मदिन के मौके पर देशभर से राजनीतिक नेताओं, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं।

लोस में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाए : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाए मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना करता हूं।

राहुल में समावेशी सोच, सामाजिक न्याय सद्भाव और करुणा भरी पड़ी : खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों के प्रति राहुल गांधी की अटूट निष्ठा और आम लोगों की आवाज उठाने का उनका साहस लाखों लोगों को प्रेरित करता है, खरगे ने कहा कि कांग्रेस की समावेशी सोच, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा जैसे मूल्यों की झलक राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा आम लोगों, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों की आवाज उठाई है और सत्ता के सामने सच बोलने का साहस दिखाया है। खरगे ने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश सेवा के लिए लंबी उम्र की कामना की।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर डाली कांग्रेस नेता पर पोस्ट

कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता और सामाजिक मुद्दों पर उनकी आवाज की सराहना की है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज के दौर में, जब कई लोग अपनी बात कहने से बचते हैं, राहुल गांधी हमेशा उन मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं जिन्हें वह सही मानते हैं, पार्टी ने कहा कि अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ उनकी लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। कांग्रेस ने अपने संदेश में कहा कि राहुल गांधी लोगों को यह भरोसा दिलाते हैं कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक मजबूत जरिया भी हो सकती है. पार्टी के मुताबिक, राहुल गांधी उस राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं जो सिद्धांतों, संवेदनशीलता और करुणा पर आधारित है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि ईमानदारी, सहानुभूति और उम्मीद की तलाश कर रही युवा पीढ़ी, खासकर जेन-ज़ी , राहुल गांधी में अपनी आवाज देखती है. पार्टी के अनुसार राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो युवाओं की बात सुनते हैं, उन्हें समझते हैं और उनकी आकांक्षाओं को मजबूती से उठाते हैं। पोस्ट में कांग्रेस ने राहुल गांधी के लिए अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और खुशियों की कामना करते हुए कहा कि वे एक अधिक न्यायपूर्ण, संवेदनशील और बेहतर भारत के लिए लगातार काम करते रहें।

Related Articles

Back to top button