मिर्जापुर में योग का महाअभियान, अधिकारियों और आमजन ने किया योगाभ्यास
मिर्जापुर मेें 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे जनपद में योग को लेकर उत्साह देखने को मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर मेें 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे जनपद में योग को लेकर उत्साह देखने को मिला।
नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया। सरकारी संस्थानों, पुलिस विभाग, विद्युत विभाग और सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजित योग शिविरों में अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन पुलिस लाइन परेड ग्राउंड मीरजापुर में पतंजलि युवा भारत के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डा. वेदपति मिश्रा, महानिदेशक उत्तर प्रदेश पर्यटन उपस्थित रहे। वहीं पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और आरक्षियों ने योग शिविर में सहभागिता की।
योग गुरु भोलानाथ ने कराया योगाभ्यास
पुलिस लाइन में आयोजित योग शिविर में विंध्य योग सेवा धाम के संस्थापक योग गुरु योगी भोलानाथ ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को सबसे पहले ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन और कटी संचालन कराया गया। इसके बाद खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन और त्रिकोणासन का अभ्यास कराया गया।
बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वक्रासन, शशांकासन, अर्ध उष्ट्रासन और उष्ट्रासन का अभ्यास कराया गया। वहीं पेट के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों में मकरासन, भुजंगासन और शलभासन तथा पीठ के बल किए जाने वाले आसनों में सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध हलासन और पवनमुक्तासन कराया गया। इसके साथ ही श्वास नियंत्रण के लिए कपालभाति, नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के अंत में ध्यान और शांति पाठ के माध्यम से योग के आध्यात्मिक महत्व को भी बताया गया।
देशभक्ति गीतों से बढ़ाया उत्साह
योग कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय योगासन जज योग गुरु ज्वाला सिंह और जिला योगासन खेल संघ के उपाध्यक्ष अश्विनी कुमार पाण्डेय ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से प्रतिभागियों में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
उन्होंने “उठो जवान देश की वसुंधरा पुकारती” सहित देशभक्ति गीतों के साथ योगाभ्यास कराया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरे उत्साह के साथ योग किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को वर्ष के 365 दिन नियमित रूप से योग करने और दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर सीओ सिटी, आरआई सहित करुणानिधि यादव, आरती, साहिल, कोमल अग्रहरि समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
विद्युत विभाग में भी हुआ सामूहिक योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातःकाल मुख्य अभियंता मिर्जापुर के आवासीय परिसर में किया गया।
योग गुरु एवं राष्ट्रीय योगासन जज योगी ज्वाला सिंह के मार्गदर्शन में विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। इस दौरान योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता एल.बी. सिंह ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनाव मुक्त रहता है और अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का लिया संकल्प
विद्युत विभाग के योग कार्यक्रम में अवर अभियंता विनय वैश्य, प्रमोद कुमार, माधव द्विवेदी, जगजीवन राम, श्री शंभूनाथ सहित तकनीशियन दीपक कुमार गुप्ता, रामजनम यादव, करुणानिधि यादव समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिर्जापुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक अभ्यास नहीं बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन की कुंजी है। जिलेभर में लोगों की भागीदारी से योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर



