13 घंटे की तलाश के बाद मिला श्रेयांश का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए उसके साथ मौजूद दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव जिले के फतेहपुर 84 थाना क्षेत्र के दबौली गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत का मामला सामने आया है।

करीब 13 घंटे की लगातार तलाश के बाद युवक का शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर पानी में उतराता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए उसके साथ मौजूद दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

दोस्तों के साथ नहाने गया था श्रेयांश

जानकारी के अनुसार मृतक श्रेयांश रविवार शाम करीब छह बजे अपने चार दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया या नहीं, इसे लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

युवक के डूबने की सूचना के बाद गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया। पूरी रात स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने नदी में सर्च अभियान चलाया। करीब 13 घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह युवक का शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर पानी में उतराता हुआ मिला। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

श्रेयांश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

परिजनों ने दोस्तों पर जताया हत्या का संदेह

मृतक के परिजनों का कहना है कि श्रेयांश की मौत केवल डूबने की घटना नहीं हो सकती। उनका आरोप है कि घटना के समय उसके साथ मौजूद चार दोस्तों की भूमिका संदिग्ध है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आशंका जताई है कि युवक की हत्या के बाद उसे पानी में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या हत्या के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस मृतक के साथ मौजूद चारों युवकों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना के समय की परिस्थितियों और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव

Related Articles

Back to top button