हर घर पहुंचेगी पोलियो की दवा, लखीमपुर खीरी में प्रशासन का बड़ा अभियान

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी मेें पोलियो  जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से जिले में रविवार से विशेष पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी मेें पोलियो  जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से जिले में रविवार से विशेष पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई।

“दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के संदेश के साथ शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता के साथ नगरीय स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) अर्जुनपुरवा में फीता काटकर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नन्हे बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

डीएम बोले—कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से न छूटे

अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर स्थायी जीत तभी संभव है, जब पांच वर्ष तक का प्रत्येक बच्चा बिना किसी चूक के हर बार पोलियो की दवा ग्रहण करे।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही यह लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सकता है।

7.33 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जिलाधिकारी ने बताया कि 28 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले के 7 लाख 33 हजार 335 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में विशेष बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें, आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कर्मचारी घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाएंगे जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

सीएमओ ने की जनसहभागिता की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचें और सुनिश्चित करें कि पांच वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

नन्हे बच्चों को पिलाई गई जीवनरक्षक दो बूंद

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सृष्टि, हरिनंदन, दीपाली, मंशा, काव्यानी, नैना, अयांश, पीहू और लड्डू सहित कई बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मौजूद अभिभावकों को भी पोलियो उन्मूलन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया और सभी से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी पासी, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रवि सिंह, एसएमओ विकास सिंह, यूनिसेफ के प्रतिनिधि मुकेश चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के अगले चरण में जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। जिन परिवारों के बच्चे पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें भी दवा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास के सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button