राजस्थान में कानून व्यवस्था लचर : बेनीवाल

  • चार साल के मासूम से अश्लील हरकत पर पुलिस पर उठाए सवाल

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नागौर । नागौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्चे के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आने के बाद जिले में आक्रोश का माहौल है। घटना को लेकर जहां स्थानीय लोगों में नाराजगी है, वहीं मामला अब राजनीतिक तूल भी पकड़ता नजर आ रहा है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख एवं सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान सरकार और नागौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार, 26 जून को दोपहर चार वर्षीय बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था।
आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति उसे केले का लालच देकर अपने घर ले गया और वहां उसके साथ अश्लील हरकत की। कुछ देर बाद बच्चे की बहन मौके पर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने माफी मांगते हुए मामले को दबाने के लिए पैसे देने की पेशकश की और किसी को घटना की जानकारी नहीं देने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बजाय पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सवाल करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बेनीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button