16 टी20 सीरीज के बाद रुका भारत की जीत का सिलसिला

  • आयरलैंड ने किया उलटफेर, जीती 2-0 से सीरीज

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बेलफास्ट। आयरलैंड ने गेंदबाजों के दम पर रोमांचक मुकाबले में भारत को दूसरे टी20 मैच में एक रन से हराया। आयरलैंड ने इस तरह टी20 की विश्व चैंपियन भारत को दो मैचों सीरीज में 2-0 से हराया। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की यह पहली सीरीज थी और भारत का प्रदर्शन इसमें निराशाजनक रहा। भारत ने अगस्त 2023 से कम से कम दो मैचों की अब तक कभी कोई टी20 सीरीज नहीं गंवाई थी। आयरलैंड ने भारत का यह विजयी रथ रोक दिया।
इतना ही नहीं, भारत का इस तरह लगातार 16 सीरीज जीत का सिलसिला भी रुक गया। लगातार दूसरे मैच में भारत की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। आयरलैंड के लिए भारतीय मूल के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने पहले ही ओवर में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को आउट किया और फिर श्रेयस अय्यर को बोल्ड किया। भारत ने पावरप्ले में चार विकेट खोकर 41 रन बनाए। लगातार गिरते विकेटों के बीच तिलक ने अक्षर पटेल के साथ 39 रनों की साझेदारी की। लेकिन तिलक के आउट होने के बाद टीम बिखर गयी। हलांकि हर्षित राणा ने आखिरी ओवर में मैच का रुख पलटने की कोशिश की। भारत को जीत के लिए छह गेंदों पर 20 रन चाहिए थे। लेकिन भारत 18 रन ही बना सकी इस तरह आयरलैंड एक रन से मैच जीतने में सफल रहा।

महिला टी20 विश्वकप: ग्रूप चरण में थमा भारतीय टीम का सफर

लंदन। महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम का अभियान ग्रूप चरण में ही समाप्त हो गया। रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए अपने अंतिम ग्रूप मुकाबले में छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को हराकर अंतिम चार का टिकट हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ ग्रूप-ए में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और 10 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। भारत ने पांच मैचों में तीन जीत और दो हार के साथ छह अंक जुटाए, लेकिन यह अंतिम चार में पहुंचने के लिए पर्याप्त नहीं रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 34 रन बनाए। अंतिम ओवरों में हरमनप्रीत कौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 56 रन ठोक दिए।

Related Articles

Back to top button