तेज रफ्तार ने उजाड़ दिए दो परिवार, कार-ऑटो की टक्कर में मासूम समेत दो की मौत

कानपुर देहात के रुरा क्षेत्र में कार और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 12 वर्षीय मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर घायल हैं। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर देहात में गुरुवार को तेज रफ्तार ने एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रुरा थाना क्षेत्र के चिलौली गांव के पास कार और ऑटो रिक्शा की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 12 वर्षीय मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जोरदार टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार 12 वर्षीय दानिश और 19 वर्षीय अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो चालक समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

सूचना मिलते ही रुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कार चालक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: ‘ऑफिस में आकर हाल खराब कर दूंगा’… कानपुर का वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय

Related Articles

Back to top button