बदायूं में देर रात एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार
बदायूं के दातागंज में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश सनी सैनी गिरफ्तार हुआ। फायरिंग में एक सिपाही घायल हुआ। आरोपी से अवैध तमंचा, ATM कार्ड और कार बरामद हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बेलाडांडी पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
फायरिंग में सिपाही घायल, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जहरखुरानी और लूट के मामलों में था वांछित
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनी सैनी, निवासी सोरों (जनपद कासगंज) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह जहरखुरानी और लूट की कई घटनाओं में वांछित था। आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और एटीएम कार्ड लूटने की वारदातों को अंजाम देता था।
अवैध तमंचा, कार और कई ATM कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी के कई एटीएम कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक
यह भी पढ़ें: कानपुर: 20 साल तक बिना योग्यता नौकरी! आखिर किसके संरक्षण में चलता रहा पूरा खेल?



