TET परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा! दूसरे नाम से परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी गिरफ्तार

बरेली में TET-2026 परीक्षा के दौरान कथित फर्जी पहचान और बदले हुए आधार दस्तावेजों के साथ परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 के दौरान बरेली में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को कथित रूप से बदली हुई पहचान के साथ परीक्षा देने के प्रयास में गिरफ्तार किया गया। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जांच में सामने आई दस्तावेजों में विसंगति

सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार, परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की। इसी दौरान एक अभ्यर्थी के आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में विसंगति मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रवेश पत्र पर उसका नाम मनोज पुत्र मानसिंह दर्ज था, जबकि मूल दस्तावेजों में नाम आदेश कुमार पुत्र मानसिंह पाया गया।

पुलिस दर्ज कर रही है पूरे नेटवर्क की जांच

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि आरोपी ने कथित तौर पर हाईस्कूल की परीक्षा भी अलग-अलग नाम और जन्मतिथि के साथ उत्तीर्ण की थी तथा आधार कार्ड में कई बार संशोधन कराया था। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर प्रशासन का जोर

सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने कहा कि TET-2026 की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेजों या गलत पहचान के आधार पर परीक्षा देने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरेली पुलिस ने अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से परीक्षा में शामिल होने की अपील की है।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना

यह भी पढ़ें: खीरी पुलिस का बड़ा एक्शन, सहकारी समिति में हुई चोरी का पूरा राज खुला

Related Articles

Back to top button