इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, शादीशुदा निकला प्रेमी… फिर बीच सड़क जो हुआ, सब देखते रह गए
सीतापुर के रेउसा में इंस्टाग्राम से शुरू हुए प्रेम संबंध में युवक के शादीशुदा होने की जानकारी मिलने पर महिला ने बीच सड़क उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल, पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के रेउसा में सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी उस समय विवाद में बदल गई, जब एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिलने पर बीच सड़क उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, साथ रहने का दावा
जानकारी के अनुसार, महिला अहमदाबाद में नौकरी करती थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान रेउसा निवासी एक युवक से हुई। बातचीत बढ़ने पर दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा किया और दोनों करीब एक वर्ष तक लखनऊ में किराये के मकान में साथ रहे।
शादीशुदा होने की जानकारी के बाद बढ़ा विवाद
महिला का कहना है कि कुछ दिन पहले युवक उसे छोड़कर अपने गांव लौट आया। जब उसने युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। इसके बाद महिला रेउसा पहुंची, जहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर महिला ने सार्वजनिक स्थान पर युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
सूचना मिलने पर रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ कर उनके नाम-पते दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि शिकायत प्राप्त होती है तो उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- वली चौधरी
यह भी पढ़ें: दवा लेने निकला था युवक, तीन दिन बाद झाड़ियों में मिली लाश, परिवार ने लगाए चौंकाने वाले आरोप



