महिला टी20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम

  • 10 संस्करण में जीते सात खिताब, फाइनल में चौथी बार इंग्लैंड को हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लंदन। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बेथ मूनी के अर्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर महिला टी20 विश्वकप का खिताब अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने सातवीं बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 150 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में तीन विकेट पर 153 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह चौथी भिड़ंत थी और ऑस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा बरकरार रखा। ऑस्ट्रेलिया टीम ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में इस टीम के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में भी इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था। अब 2026 के फाइनल में भी जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप फाइनल में अपना रिकॉर्ड 4-0 कर लिया और रिकॉर्ड 10 संस्करण में सातवीं बार महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की है। बता दें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखा और मेजबान इंग्लैंड के दूसरी बार चैंपियन बनने के सपने को तोड़ दिया। इंग्लैंड की नजर 17 साल बाद दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने पर थी। उसने 2009 में लॉर्ड्स में ही पहला महिला टी20 विश्वकप अपने नाम किया था, लेकिन इस बार उसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपने शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करते हुए सातवीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और महिला टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी।

विजेता टीम को मिले 22 करोड़ रुपये

लंदन। महिला टी20 विश्व कप इस बार कई मायनों में विशेष रहा। पहली बार इसमें 12 टीमों ने हिस्सा लिया और मैचों की संख्या में भी वृद्धि हुई। ग्रूप चरण में इस बार कुल 30 मुकाबले खेले गए जो 2024 की तुलना में 10 ज्यादा हैं। पिछली बार ग्रूप चरण में 20 मुकाबले खेले गए थे। महिला टी20 विश्व कप का समापन रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए फाइनल के साथ हो गया। खिताब जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम पर इनामी राशि की भी बारिश हुई। इस बार महिला टी20 विश्व कप की कुल इनामी राशि में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आईसीसी ने मौजूदा टी20 विश्व कप के लिए लगभग 83.45 करोड़ रुपये की कुल इनामी राशि रखी है जो पिछली बार की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा है। टूर्नामेंट की विजेता टीम को लगभग 22 करोड़ रुपये मिले, जो पिछली बार के बराबर है। उपविजेता टीम को लगभग 11 करोड़ रुपये मिलेंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को लगभग 6.29 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि ग्रूप स्टेज में हर जीत की कीमत लगभग 29 लाख रुपये है, जो 2024 जैसा ही है।

Related Articles

Back to top button