अब टनकपुर से सीधे नांदेड़, नई एक्सप्रेस ट्रेन ने खत्म किया लंबा इंतजार
यूपी और उत्तराखंड के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली। टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ, जबकि टनकपुर-अछनेरा ट्रेन नियमित और पैसेंजर सेवा शाहजहांपुर तक विस्तारित की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया। इस नई पहल से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
टनकपुर से नांदेड़ तक मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू टनकपुर पहुंचे और नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। नई टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस टनकपुर से दोपहर करीब 1:30 बजे बरेली पहुंचेगी और अगले दिन शाम तक नांदेड़ पहुंचेगी। वापसी में भी यह ट्रेन बरेली होते हुए टनकपुर पहुंचेगी, जिससे श्रद्धालुओं, व्यापारियों और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
नियमित हुई टनकपुर-अछनेरा ट्रेन, किराए में भी राहत
रेलवे ने टनकपुर-अछनेरा स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन का दर्जा देते हुए इसे 15093-94 नंबर आवंटित किया है। नियमित संचालन के बाद इस ट्रेन के किराए में लगभग 30 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है। इससे दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी।
शाहजहांपुर तक बढ़ा पैसेंजर ट्रेन का रूट
टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का विस्तार अब बीसलपुर के रास्ते शाहजहांपुर तक कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई रेल सेवाओं से कुमाऊं और रुहेलखंड क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन, स्थानीय व्यापार और धार्मिक यात्रा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यात्रियों का लंबे समय से लंबित यह इंतजार अब समाप्त हो गया है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: इस्तीफा मंजूर न हुआ तो कोर्ट जाएंगे: पूर्व PCS अलंकार अग्निहोत्री ने राम मंदिर निर्माण पर लगाए गंभीर आरोप



