घुमाने के बहाने ले गया, फिर कर दी हत्या… सीतापुर केस में चौंकाने वाला खुलासा

सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र में महिला हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। प्रेम संबंधों के शक में हत्या के आरोप में रामजीवन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद किए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय रेनू की हत्या के आरोप में रामजीवन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर प्रेम संबंधों और अवैध रिश्तों के शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

घुमाने के बहाने ले गया, खेत किनारे की हत्या

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामजीवन महिला को बाइक से घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि कैथाभारी क्षेत्र के पास खेत किनारे उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतका का मोबाइल फोन नहर में फेंक दिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म, अहम साक्ष्य बरामद

हरगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और आरोपी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामजीवन लहरपुर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।

एसपी के निर्देशन में मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में हरगांव थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की विवेचना और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने ऐसे दबोचा

Related Articles

Back to top button