गोरखपुर में बिरयानी पर फूड विभाग का बड़ा एक्शन, स्टेशन के सामने दुकानों पर छापा

गोरखपुर रेलवे स्टेशन के सामने मुरादाबादी और हैदराबादी बिरयानी की दुकानों पर फूड विभाग ने छापा मारकर नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रेलवे स्टेशन के सामने स्थित मुरादाबादी और हैदराबादी बिरयानी की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (फूड विभाग) ने बुधवार को छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान बिरयानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत मिलने के बाद हुई कार्रवाई

सहायक खाद्य आयुक्त सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि विभाग को संबंधित दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिली थीं। शिकायतों के आधार पर निरीक्षण किया गया, जिसमें खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सैंपल लिए गए।

प्रथम दृष्टया फूड कलर के इस्तेमाल की आशंका

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बिरयानी में फूड कलर के इस्तेमाल के संकेत मिले। इसके बाद नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उपयोग किया गया रंग खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।

रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फूड विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि लैब जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: वायरल हुआ गालीबाज SHO का वीडियो! फरियादियों से बदसलूकी के आरोप ने मचाया बवाल

Related Articles

Back to top button