सरकारी रास्ते के विवाद पर तहसील में हाई वोल्टेज ड्रामा, SDM को करना पड़ा हस्तक्षेप
गोरखपुर के खजनी तहसील में सरकारी चकमार्ग की पैमाइश की मांग को लेकर महिला डंडा लेकर पहुंच गई। हंगामे के बाद SDM ने संयुक्त जांच टीम गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सरकारी चकमार्ग और नाले की भूमि की पैमाइश को लेकर लंबे समय से शिकायत कर रही एक महिला शुक्रवार को हाथ में डंडा लेकर खजनी तहसील पहुंच गई। महिला के आक्रोश को देखकर तहसील परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और महिला को समझाकर शांत कराया। मामले की जांच के लिए संयुक्त टीम का गठन कर दिया गया है।
पैमाइश की मांग को लेकर जताया आक्रोश
जानकारी के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र के ढाडी जोत गांव निवासी पुष्पा देवी का आरोप है कि वह कई महीनों से सरकारी चकमार्ग और नाले की भूमि की पैमाइश कराने के लिए ग्राम प्रधान, थाना, समाधान दिवस और तहसील प्रशासन के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी नाराजगी में वह हाथ में डंडा लेकर तहसील पहुंचीं और राजस्व निरीक्षक से कार्रवाई की मांग करने लगीं।
कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी, SDM ने संभाला मोर्चा
महिला के आक्रोश को देखते हुए तहसील कर्मचारियों ने राजस्व निरीक्षक अवधेश प्रसाद को सुरक्षित कमरे में भेज दिया। घटना की सूचना पर एसडीएम आनंद कुमार कटारिया मौके पर पहुंचे और महिला से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया।
राजस्व निरीक्षक ने आरोपों से किया इनकार
एसडीएम आनंद कुमार कटारिया ने नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम गठित कर विवादित भूमि और सरकारी चकमार्ग की पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राजस्व निरीक्षक अवधेश प्रसाद ने महिला के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन पर नियमों के विपरीत सीमांकन करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! DM ने बदले चार SDM, देखें किसे मिली कौन-सी तहसील



