सीतापुर में चोरों का कहर! मुर्गा फार्म से 4 क्विंटल मुर्गे चोरी, 4 क्विंटल को मार डाला

सीतापुर के सदरपुर में चोरों ने मुर्गा फार्म को निशाना बनाकर 4 क्विंटल मुर्गे चोरी कर लिए और 4 क्विंटल मुर्गों को मारने का आरोप है। नकदी और उपकरण भी ले गए। पुलिस ने जांच शुरू कर ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में एक मुर्गा फार्म को निशाना बनाया। फार्म संचालक का दावा है कि चोर करीब 4 क्विंटल मुर्गे चोरी कर ले गए, जबकि लगभग 4 क्विंटल मुर्गों को मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है।

जाली तोड़कर फार्म में घुसे बदमाश

फार्म संचालक कलीम के अनुसार, बदमाश रात में फार्म की जाली तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने मुर्गों के अलावा कांटा-बांट, बड़ा बैटर और लगभग 10 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ली। सुबह जब वह फार्म पहुंचे तो टूटी हुई जाली, बिखरा सामान और मृत मुर्गों को देखकर हैरान रह गए।

करीब एक लाख रुपये के नुकसान का दावा

फार्म संचालक ने इस घटना में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों ने बढ़ती चोरी पर जताई नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में आवारा कुत्तों का आतंक! रात में राइड रद्द करने को मजबूर हुए Rapido कैप्टन

Related Articles

Back to top button