रेलकर्मियों के बच्चों ने मंच पर मचाया धमाल, आज मिलेगा हुनर का सबसे बड़ा सम्मान

गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे की अंतर्मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं टैलेंट हंट के ग्रैंड फिनाले में रेलकर्मियों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। आज महाप्रबंधक उदय बोरवणकर विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, बस उसे सही मंच की जरूरत होती है। पूर्वोत्तर रेलवे की अंतर्मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं टैलेंट हंट शो के ग्रैंड फिनाले के पहले दिन कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब रेलकर्मियों के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया। नृत्य से लेकर कविता और मैजिक तक, हर प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखा बच्चों का शानदार प्रदर्शन

रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित प्रतियोगिता में मुख्यालय और विभिन्न मंडलों से आए प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ, ड्राइंग, निबंध लेखन, एकल अभिनय (मोनो एक्टिंग), मिमिक्री, स्किट और मैजिक जैसी कई विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हर प्रस्तुति के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने जीता सभी का दिल

दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले के पहले दिन प्रतिभागियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सीखने और अपनी कला को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का जज्बा भी देखने को मिला। कार्यक्रम ने यह साबित किया कि पूर्वोत्तर रेलवे अपने कर्मचारियों के बच्चों की रचनात्मक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है।

आज विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित

ग्रैंड फिनाले का समापन शुक्रवार को होगा। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत करेंगे। पुरस्कार वितरण समारोह को लेकर प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह बना हुआ है।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर जाने के बाद प्रोफेसर की नौकरी गई? DM से लगाई न्याय की गुहार

Related Articles

Back to top button