गोरखपुर फ्लाईओवर उद्घाटन के बाद सियासी चर्चा तेज, सांसद बोले- ‘न्योता ही नहीं मिला’
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छह लेन फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की फेसबुक पोस्ट चर्चा में है। उन्होंने कार्यक्रम में निमंत्रण नहीं मिलने की बात कही।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दाउदपुर चौराहे पर बने छह लेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही, लेकिन भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया। बाद में सांसद की फेसबुक पोस्ट सामने आने के बाद यह मामला और सुर्खियों में आ गया।
फेसबुक पोस्ट में जताई कार्यक्रम में शामिल न हो पाने की बात
डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि उनके आवास के सामने बने फ्लाईओवर का उद्घाटन क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा कार्यक्रम में शामिल होने की थी, लेकिन उन्हें उद्घाटन समारोह का निमंत्रण नहीं मिला, इसलिए वह उपस्थित नहीं हो सके।
सांसद ने दाउदपुर, गोपालपुर, बेतियाहाता और रस्तमपुर क्षेत्र के नागरिकों को इस नई सुविधा के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
पोस्ट के बाद राजनीतिक अटकलों का दौर शुरू
सांसद की फेसबुक पोस्ट सामने आने के बाद भाजपा के भीतर और राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे आयोजन स्तर पर हुई चूक मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक दृष्टि से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब तक नहीं आया कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण
भाजपा संगठन और जिला प्रशासन की ओर से आमंत्रण नहीं मिलने के मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच सांसद की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिस पर समर्थक और अन्य यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल, कार्यक्रम में निमंत्रण न मिलने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: 1 लाख रुपये के उधार ने ली सराफा व्यापारी की जान, पुलिस ने 24 घंटे में खोला हत्याकांड का राज



