गोरखपुर में भाजपा पार्षद का चुनाव रद्द, कोर्ट के फैसले से मचा राजनीतिक भूचाल

गोरखपुर के शाहपुर वार्ड से भाजपा पार्षद ज्ञानती देवी का निर्वाचन कोर्ट ने शपथ पत्र में तथ्य छिपाने के आरोपों के आधार पर निरस्त कर दिया। अब जिला निर्वाचन अधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-43 (शाहपुर) से निर्वाचित भाजपा पार्षद ज्ञानती देवी का निर्वाचन न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। एडीजे फास्ट ट्रैक कोर्ट (महिलाओं के विरुद्ध अपराध) ने चुनाव याचिका स्वीकार करते हुए उनके नामांकन और निर्वाचन को उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम की धारा 71 की उपधारा (b) एवं (d)(i) के तहत अवैध और शून्य घोषित किया है। मामले ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

आप प्रत्याशी की चुनाव याचिका पर आया फैसला

वर्ष 2023 के निकाय चुनाव में शाहपुर वार्ड महिला आरक्षित सीट थी। भाजपा प्रत्याशी के रूप में ज्ञानती देवी चुनाव जीतकर पार्षद बनी थीं। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी अर्चना शुक्ला ने उनके निर्वाचन को चुनौती देते हुए चुनाव याचिका दायर की थी। दोनों पक्षों की दलीलें और उपलब्ध साक्ष्यों पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने याचिका स्वीकार कर ली।

शपथ पत्र और नामांकन को लेकर उठे थे सवाल

याचिका में आरोप लगाया गया कि भाजपा का अधिकृत चुनाव चिन्ह ज्ञानती देवी पत्नी श्यामलाल के नाम जारी हुआ, जबकि नामांकन ज्ञानती देवी पत्नी परशुराम के नाम से दाखिल किया गया। सुनवाई के दौरान यह भी दावा किया गया कि दोनों नाम एक ही व्यक्ति के हैं, लेकिन इसे साबित करने के लिए पर्याप्त दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इसके अलावा शपथ पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित आवास, तीन हजार वर्ग फीट से अधिक भूमि की खरीद और वर्ष 2021 में देवरिया के बरहज क्षेत्र से ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने जैसी जानकारियां छिपाने का भी आरोप लगाया गया।

अब जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगे आगे की कार्रवाई

न्यायालय के आदेश की प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) को भेज दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने कहा है कि आदेश का अध्ययन करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल न्यायालय के इस फैसले के बाद शाहपुर वार्ड की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

रिपोर्ट-अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर 

यह भी पढ़ें: बरेली में गौशाला पर आज चलेगा बुलडोजर, कार्रवाई से पहले पूरे इलाके को पुलिस ने किया सील

Related Articles

Back to top button