बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकू से गोदकर हत्या, संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस संपत्ति विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौरा टांडा में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय किराना व्यापारी की अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ई-रिक्शा चालक ने देखा शव, परिवार में मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, विवियापुर रोड से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने सड़क किनारे शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान धौरा टांडा वार्ड-1 निवासी सियाराम श्रीवास्तव के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह करीब छह बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। सियाराम श्रीवास्तव किराना व्यवसाय से जुड़े थे और अपने पीछे पांच विवाहित बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं।
शरीर पर मिले कई गहरे घाव, पुलिस जुटी जांच में
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर पहले से योजना बनाकर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
संपत्ति विवाद की भी हो रही जांच
प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद का पहलू भी सामने आया है। मृतक के बेटे के अनुसार, हाल ही में मकान से जुड़े एक पुराने मुकदमे का फैसला उनके पक्ष में आया था। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों की जांच की जाएगी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ उठी आवाज, पीएम से की गई बड़ी मांग



