तालाब में मिला युवक का शव, डूबने से मौत या कुछ और? पुलिस जांच जारी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में अटरिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में अटरिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

युवक सुबह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। बाद में उसका शव कुंवरपुर-हराईगढ़ा तिराहे के पास स्थित एक तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

मृतक की पहचान लालजी सिंह (33 वर्ष) पुत्र मेड़ाई लाल, निवासी हराईगढ़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लालजी सिंह सुबह घर से शौच के लिए निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को तालाब में एक शव दिखाई दिया, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही अटरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त लालजी सिंह के रूप में होने पर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान कोई संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

फिलहाल अटरिया थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button