बारिश में भी जारी रहेगी स्वच्छता मुहिम, सफाई कर्मियों को मिले सुरक्षा रेनकोट

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी रहे, जिन्होंने सफाई कर्मियों को रेनकोट प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि किसी भी नगर की स्वच्छता और सुंदरता उसके सफाई कर्मियों की मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश में  बरसात के मौसम में नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत बड़हलगंज ने एक सराहनीय पहल करते हुए शनिवार को विश्वनाथ उमर सभागार में सफाई कर्मियों को रेनकोट वितरित किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी रहे, जिन्होंने सफाई कर्मियों को रेनकोट प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि किसी भी नगर की स्वच्छता और सुंदरता उसके सफाई कर्मियों की मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है।

अपने संबोधन में विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई कर्मियों को कई तरह की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में यदि उन्हें आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे बिना किसी बाधा के अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा रेनकोट वितरण का उद्देश्य यही है कि बरसात के दौरान भी सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो और कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकें।

विधायक ने नगर पंचायत की चेयरमैन डॉ. प्रीति महेश उमर के निर्देशन में किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ नगर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा न फैलाने और स्वच्छता अभियान में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने कहा कि नगर पंचायत हमेशा सफाई कर्मियों के हितों और सुविधाओं को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में कर्मचारियों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए रेनकोट उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे बिना किसी असुविधा के नगर की साफ-सफाई का कार्य जारी रख सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और नगर की स्वच्छता व्यवस्था पहले की तरह प्रभावी बनी रहेगी।

इस अवसर पर नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सभासद रवि साहनी, वीरेंद्र उर्फ बीरू गुप्ता, राकेश राय, दीपक शर्मा, आचार्य वेदप्रकाश त्रिपाठी, राजीव मिश्रा, अमूल्य चंद चतुर्वेदी, रामदास मद्धेशिया, ऋषि चंद, सुदीप वर्मा, जनसेवा महामंत्री संतोष जायसवाल, बृजेश उमर, सुरेश सोनकर, सत्तू बाबा, अमरनाथ उमर, श्रीराम यादव सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भरोसा दिलाया कि वे हर मौसम में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button