6-0 की धमाकेदार जीत से एमजी एफसी का आगाज, गोरखपुर लीग में दिखा फुटबॉल का रोमांच
गोरखपुर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता (बी डिवीजन) का शानदार आगाज हुआ। एमजी एफसी, सेंट एंड्रयूज एफसी और फिटनेस क्लब ने अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। पहले दिन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित गोरखपुर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता (बी डिवीजन) का सोमवार को सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज के खेल मैदान पर शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन दिवस पर खेले गए तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। एमजी फुटबॉल क्लब, सेंट एंड्रयूज फुटबॉल क्लब और फिटनेस क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
एमजी एफसी की 6-0 से बड़ी जीत
पहले मुकाबले में एमजी फुटबॉल क्लब ने सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज को 6-0 से हराकर दमदार शुरुआत की। अनिकेत ने हैट्रिक लगाई, जबकि वीर ने दो और अनंत ने एक गोल दागा। मुख्य अतिथि गोरखपुर फुटबॉल संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र मणि त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
सेंट एंड्रयूज और फिटनेस क्लब ने भी दर्ज की जीत
दूसरे मुकाबले में सेंट एंड्रयूज फुटबॉल क्लब ने धर्म स्पोर्टिंग को 3-1 से हराया। अमित ने दो गोल और नितिन ने एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। वहीं अंतिम मुकाबले में फिटनेस क्लब ने यंग बॉयज चरगामा को 2-0 से शिकस्त दी। सी.पी. यादव और रोहित ने दूसरे हाफ में गोल कर टीम को अगले दौर में पहुंचाया।
खेल प्रेमियों की रही बड़ी मौजूदगी
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मुकाबलों में कई विशिष्ट अतिथि, खेल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन सचिव डॉ. अमिल हयात खान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और जिले में फुटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर के रामगढ़ताल में चीख-पुकार, बोट टकराई और पलट गई; एक की गई जान



