गोरखपुर के रामगढ़ताल में चीख-पुकार, बोट टकराई और पलट गई; एक की गई जान
गोरखपुर के रामगढ़ताल में दो स्पीड बोट की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। एक नाव पलटने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हुए। डीएम ने जांच समिति गठित कर चालक के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रविवार रात गोरखपुर के प्रसिद्ध रामगढ़ताल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नौका विहार क्षेत्र में दो स्पीड बोट की आमने-सामने टक्कर के बाद एक नाव पलट गई, जिससे सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
टक्कर के बाद पलटी नाव, पानी में गिरे यात्री
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे एक स्पीड बोट झील की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी सवारी लेकर वापस लौट रही थी। एक नाव में 9 और दूसरी में 6 लोग सवार थे। अचानक दोनों नावों की टक्कर हो गई, जिससे एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। कई लोग पानी में गिर गए, जिन्हें पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी लखबुद्दीन (22) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायल कयामुद्दीन अंसारी, एक बच्चा और बोट चालक अभिषेक साहनी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कयामुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
DM ने बैठाई जांच कमेटी, चालक पर FIR
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। डीएम ने बताया कि दोनों स्पीड बोट में कुल 15 लोग सवार थे। मामले में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए जांच समिति गठित की गई है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि नौका संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: 11वें दिन भी नहीं पकड़ी गई किसान पर हमला करने वाली बाघिन, खेतों की ओर जाने से डर रहे लोग



