लखीमपुर खीरी में तेज रफ्तार वाहनों की अब खैर नहीं, पुलिस को मिला हाईटेक इंटरसेप्टर
लखीमपुर खीरी पुलिस को हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन मिला है। स्पीड रडार, ANPR और हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों से लैस यह वाहन ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करेगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिले में सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस को बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन के जरिए राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अधिक प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।
आधुनिक तकनीक से लैस है इंटरसेप्टर वाहन
पुलिस के अनुसार, यह इंटरसेप्टर वाहन स्पीड डिटेक्शन रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम और अन्य आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। इन तकनीकों की मदद से ओवरस्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान तेजी से की जा सकेगी।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर रहेगा फोकस
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना है कि हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से राजमार्गों पर नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
यातायात व्यवस्था होगी और अधिक प्रभावी
पुलिस का मानना है कि नई तकनीक के इस्तेमाल से यातायात प्रबंधन अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई संभव होगी, जिससे लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
रिपोर्ट – प्रभाकर श्रीवास्तव, लखीमपुर खीरी
यह भी पढ़ें: बांदा में सपा नेता पर जानलेवा हमला, स्कूल से लौटते समय रास्ता रोककर बेरहमी से पीटा



