बांदा में सपा नेता पर जानलेवा हमला, स्कूल से लौटते समय रास्ता रोककर बेरहमी से पीटा
बांदा में सपा नेता शेखर शर्मा पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। स्कूल से लौटते समय मारपीट में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता शेखर शर्मा पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटते समय मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने उनका पीछा किया, रास्ता रोककर गाड़ी से उतारा और मारपीट की। गंभीर रूप से घायल शेखर शर्मा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल के बाहर विवाद के बाद हमला होने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेखर शर्मा बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान स्कूल के बाहर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो सवार 3-4 युवकों ने उनका पीछा किया और रास्ते में वाहन रोककर उन पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमलावरों ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा।
चेहरे पर गंभीर चोटें, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हमले में शेखर शर्मा के मुंह, नाक और आंख पर गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक चिकित्सकीय जांच और एक्स-रे में बाईं आंख के नीचे की हड्डी टूटने की बात सामने आई है। घायल अवस्था में उन्हें चालक याकूब खान उर्फ बाबू की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद शेखर शर्मा की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के साक्ष्यों, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में दो घंटे के भीतर सकुशल मिली लापता 9 वर्षीय बच्ची, पुलिस ने परिजनों को सौंपा



