मंच से फूटा राज्यपाल का गुस्सा, MMMUT की व्यवस्थाओं पर उठाए बड़े सवाल
गोरखपुर के MMMUT दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हॉस्टलों में कथित शराब-सिगरेट मिलने, साफ-सफाई, लेन-देन और अव्यवस्थाओं पर चिंता जताते हुए तीन महीने में सुधार के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) के दीक्षांत समारोह में गुरुवार को उस समय माहौल गंभीर हो गया, जब उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर खुलकर चिंता जताई। उन्होंने निरीक्षण रिपोर्ट का हवाला देते हुए छात्रावासों में कथित अव्यवस्थाओं, साफ-सफाई, नशे से जुड़े मामलों और वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए तीन महीने के भीतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हॉस्टलों में शराब-सिगरेट मिलने पर जताई चिंता
राज्यपाल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ छात्रावासों से शराब की बोतलें और सिगरेट के पैकेट मिलने की जानकारी सामने आई। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि यदि ऐसे सामान हॉस्टलों तक पहुंच रहे हैं तो यह विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने नशे पर प्रभावी नियंत्रण और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर उठे सवाल
आनंदीबेन पटेल ने छात्रावासों की साफ-सफाई पर भी असंतोष व्यक्त किया। विशेष रूप से कस्तूरबा हॉस्टल के ए और बी ब्लॉक का उल्लेख करते हुए उन्होंने व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता बताई। निरीक्षण के दौरान हॉस्टल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी और अभिभावकों के बैठने की समुचित व्यवस्था न होने का मुद्दा भी उठाया गया, जिसे उन्होंने प्रतिष्ठित संस्थान के अनुरूप नहीं बताया।
तीन महीने में मांगी सुधार रिपोर्ट
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कथित “लेन-देन” की शिकायतों का भी उल्लेख करते हुए वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और तीन महीने के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। राज्यपाल की इन टिप्पणियों के बाद विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और उच्च शिक्षा संस्थानों की व्यवस्थाओं को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बांदा में श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ा जनसैलाब, आरती में शामिल हुए भाजपा नेता श्याम मोहन धुरिया



