CHC में आधी रात हंगामा, प्रसव कक्ष में घुसने की कोशिश पर नर्स से अभद्रता का आरोप

सीतापुर के महमूदाबाद CHC में प्रसव कक्ष में घुसने से रोकने पर दो युवकों पर महिला स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा है। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार देर रात उस समय हंगामा मच गया, जब मरीज के साथ पहुंचे दो युवकों ने कथित तौर पर प्रसव कक्ष में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया। रोकने पर विवाद बढ़ गया और महिला स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट व अभद्रता के आरोप लगे। स्टाफ नर्स की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।

प्रसव कक्ष में जाने से रोकने पर विवाद

घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दो युवक एक मरीज को लेकर CHC पहुंचे और प्रसव कक्ष में जाने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात महिला स्वीपर खुशबू ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि इसके बाद सदरपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी राजकुमार और रामू ने महिला स्वीपर के साथ मारपीट की। शोर सुनकर स्टाफ नर्स प्रीति सिंह वहां पहुंचीं और बीच-बचाव करने का प्रयास किया।

नर्स ने छेड़छाड़ का भी लगाया आरोप

स्टाफ नर्स का आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान युवकों ने उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की। नर्स ने पुलिस को दी तहरीर में छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया है। वहीं युवकों के नशे में होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए थे।

पुलिस ने शुरू की जांच, बयान दर्ज किए जा रहे

घटना के बाद स्टाफ नर्स ने महमूदाबाद कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस स्वास्थ्यकर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: सुबह-सुबह खेत में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, उघैती में मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button