‘कहीं शिकायत करिए, वार्ड में काम नहीं होगा’… BJP पार्षद के आरोप से मचा हड़कंप

कानपुर के वार्ड-72 की BJP पार्षद वंदना शर्मा ने स्ट्रीट लाइट और विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह पद से इस्तीफा देंगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर नगर निगम के वार्ड-72 में विकास कार्यों को लेकर भाजपा पार्षद वंदना शर्मा ने अपनी ही पार्टी के नगर निगम प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। पार्षद ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से वार्ड की समस्याएं अधिकारियों के सामने उठाने के बावजूद उनका समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने महापौर प्रमिला पांडेय से स्ट्रीट लाइट समेत अन्य समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।

पार्षद का कहना है कि शाम होते ही वार्ड के कई हिस्से अंधेरे में डूब जाते हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

जोन बैठक में शिकायत के बाद पक्षपात का आरोप

वंदना शर्मा के मुताबिक, जोन-5 की बैठक में उन्होंने नगर आयुक्त आरके पाल और महापौर के सामने स्ट्रीट लाइट की समस्या प्रमुखता से उठाई थी। उनका दावा है कि वार्ड में कई लाइट बिना स्विच के चल रही हैं, जिससे वे दिन में भी जलती रहती हैं और जल्दी खराब हो जाती हैं।

पार्षद ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उनके वार्ड के साथ पक्षपात किया जा रहा है और विकास कार्यों को जानबूझकर रोका जा रहा है। उन्होंने एक जेई पर फोन पर कथित तौर पर यह कहने का भी आरोप लगाया कि कहीं शिकायत कर लें, वार्ड में काम नहीं होगा। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बोलीं- जनता की समस्या नहीं सुलझी तो पद छोड़ दूंगी

पार्षद ने कहा कि जब जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि की शिकायतों पर सुनवाई नहीं होगी तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह वार्ड की समस्याओं का समाधान कराने में असमर्थ रहने के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए पद छोड़ने को तैयार हैं।

उन्होंने महापौर से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह इस्तीफा सौंप देंगी। फिलहाल उनके बयान के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और वार्ड में विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

रिपोर्ट- प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: आसमान के योद्धाओं को मिलेगी और घातक ट्रेनिंग, वायुसेना खरीदेगी 150 एडवांस ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट

Related Articles

Back to top button