बांदा के हॉस्टल में दो मासूमों की मौत से हड़कंप, आखिर रात में ऐसा क्या हुआ?

बांदा के बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में दो छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह सामने आएगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा में एक आवासीय विद्यालय का हॉस्टल रविवार रात अचानक मातम में बदल गया। यहां रहकर पढ़ाई कर रहे दो छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ी और अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। कुछ ही घंटों के अंतराल में दो बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस जांच कर रही है।

हॉस्टल में बिगड़ी दोनों छात्रों की तबीयत

मामला बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र के झील का पुरवा स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय का है। हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे 12 वर्षीय नितिन निवासी सरसवाह और 14 वर्षीय अरुण की रविवार रात अचानक तबीयत खराब हो गई। विद्यालय प्रबंधन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा।

नितिन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया। इलाज के दौरान दोनों छात्रों ने दम तोड़ दिया।

मौत की वजह पर अभी बना हुआ है रहस्य

दो छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या दोनों ने कोई ऐसी चीज खाई थी जिससे उनकी हालत बिगड़ी? किसी बीमारी या संक्रमण की वजह से यह घटना हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

परिजन बच्चों की मौत से सदमे में हैं। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के अनुसार, बच्चों की तबीयत कब बिगड़ी और उन्हें अस्पताल कब लाया गया, समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस के मुताबिक दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस विद्यालय प्रबंधन और संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

रिपोर्ट- इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: सीतापुर में कांवड़ियों पर बरसे फूल, डीएम-एसपी ने खुद किया श्रद्धालुओं का स्वागत

Related Articles

Back to top button