नाग पंचमी पर गोरखपुर में मातम: पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत, गांव में पसरा सन्नाटा
गोरखपुर के बदौली बाबू गांव में नाग पंचमी पर दर्दनाक हादसा हुआ। पोखरे में स्नान के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में नाग पंचमी का पर्व बदौली बाबू गांव के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया। पुतली पीटने की रस्म के बीच पोखरे में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुतली पीटने के दौरान पोखरे में उतरे थे बच्चे
घटना बांसगांव क्षेत्र के बदौली बाबू गांव की है। सोमवार को नाग पंचमी के अवसर पर गांव के बच्चे पोखरे के पास पुतली पीटने की रस्म में शामिल थे। इसी दौरान कुछ बच्चे पोखरे में स्नान करने लगे। हरीश (11), सचिन (14) और अनुज (9) गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
बच्चों के डूबने की खबर फैलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह ने पोखरे में उतरकर बच्चों को तलाशने और बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में उनकी मौत की पुष्टि हुई।
अधिकारियों से लेकर विधायक तक पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुशील कुमार भारतीय, नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला, सीईओ अनुज कुमार सिंह और कस्बा चौकी इंचार्ज विकास सिंह भदौरिया समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान ने भी परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई।
तीनों बच्चों की मौत से गांव का माहौल गमगीन है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
किसी का इकलौता बेटा था हरीश, दो परिवारों के भी बुझ गए चिराग
11 वर्षीय हरीश अपने परिवार का इकलौता बेटा था और कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता विदेश में नौकरी करते हैं। वहीं 14 वर्षीय सचिन कक्षा छह का छात्र था, जिसके पिता सूरत में मजदूरी करते हैं। नौ वर्षीय अनुज कक्षा तीन में पढ़ता था और उसके पिता गुजरात में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं।
नाग पंचमी के दिन हुई तीन मासूमों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। एक साथ तीन घरों में मातम पसर गया और त्योहार की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बांदा के हॉस्टल में दो मासूमों की मौत से हड़कंप, आखिर रात में ऐसा क्या हुआ?



