प्रोफेसर को थप्पड़ मारना DU के छात्र को पड़ा भारी, प्रशासन ने किया Suspend
DU में प्रोफेसर की पिटाई के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. लॉ फैकल्टी PhD रिसर्च स्कॉलर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: DU में प्रोफेसर की पिटाई के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. लॉ फैकल्टी PhD रिसर्च स्कॉलर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. साथ ही DU परिसर में एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ फैकल्टी में सोमवार को एक रिसर्च स्कॉलर द्वारा प्रोफेसर पर हमला और थप्पड़ मारने की घटना सामने आई है. डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी छात्र के खिलाफ सख्त और तुरंत कार्रवाई की मांग की है.
DTF के मुताबिक, CCTV फुटेज में छात्र प्रोफेसर का इंतजार करता है और बिल्डिंग में प्रवेश करते समय उन पर हमला करता दिखाई दे रहा है. प्रॉक्टर के आदेश के बाद आरोपी छात्र को निलंबित कर दिया गया है.
दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर को थप्पड़ मारने वाले आरोपी रिसर्च स्कॉलर शुभम सिंह फैकल्टी ऑफ लॉ से सस्पेंड किया गया और DU परिसर में एंट्री पर पाबंदी लगा दी गई है.
वहीं DU में प्रोफेसर को थप्पड़ मारने की घटना पर दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (DUTA) ने वीसी को पत्र लिखा है. DUTA ने VC योगेश सिंह को पत्र लिखकर घटना की निंदा करते हुए उस मामले में सख्त एक्शन की मांग की.
सख्त और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग
वहीं DTF का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है. DTF ने कहा कि शिक्षकों के साथ बदसलूकी और हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. हाल ही में लॉ फैकल्टी के कुछ प्रोफेसरों से भी एक छात्र ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया था.
संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले साल DUSU की जॉइंट सेक्रेटरी दीपिका झा ने डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज में एक प्रोफेसर को थप्पड़ मारा था. संगठन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कैंपस में शिक्षकों की सुरक्षा के लिए सख्त और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई
DU प्रॉक्टर ऑफिस से जारी नोटिस के मुताबिक, आरोपी शोधार्थी को शैक्षणिक सत्र 2024-25 (फेज-दो) में लॉ फैकल्टी में प्रवेश मिला था. नोटिस में कहा गया कि यह कदम उमंग भवन में सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई घटना के संबंध में DU को मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उठाया गया है.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ फैकल्टी से निलंबित
DU प्रॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने कहा, यह घटना सोमवार सुबह की है और छात्र को प्रोफेसर को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है. मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है. नोटिस में कहा गया कि संबंधित शोधार्थी को तत्काल प्रभाव से दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ फैकल्टी से निलंबित किया जाता है.



