घर में डिलीवरी कराने पर होगी कार्रवाई, विजय सरकार बनाने जा रही नया कानून

मंत्री ने कहा कि सरकार नई स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए एक नया तमिलनाडु पब्लिक हेल्थ एक्ट लाने जा रही है. अस्पतालों के बाहर घर पर बच्चे के जन्म को दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान शामिल होगा.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मंत्री ने कहा कि सरकार नई स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए एक नया तमिलनाडु पब्लिक हेल्थ एक्ट लाने जा रही है. अस्पतालों के बाहर घर पर बच्चे के जन्म को दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान शामिल होगा.

तमिलनाडु में विजय की अगुवाई वाली नई सरकार लगातार कुछ न कुछ अलग फैसले ले रही है. अब सरकार की ओर से महिलाओं के सुरक्षित प्रसव को लेकर नए नियम बनाए जा रहे हैं जिसमें घर पर बच्चे की डिलीवरी कराए जाने पर सजा का प्रावधान किया जा रहा है.

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के.जी. अरुणराज ने कल सोमवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार जल्द ही घर पर डिलीवरी और मेडिकल संस्थानों के बाहर होने वाली डिलीवरी को दंडनीय अपराध बनाने जा रही है. फिलहाल घर पर डिलीवरी करना देश में अभी कानूनन अपराध नहीं है. कई मामलों में घर पर ही लोग डिलीवरी कराना पसंद करते हैं.

पब्लिक हेल्थ एक्ट 87 साल पुरानाः मंत्री अरुण

अपने स्वास्थ्य विभाग के लिए अनुदान की मांग पर चर्चा के दौरान यह घोषणा करते हुए, मंत्री अरुणराज ने कहा कि तमिलनाडु पब्लिक हेल्थ एक्ट, 1939, करीब 9 दशक यानी, 87 साल पुराना है और अब यह काफी पुराना हो गया है.

मंत्री ने कहा कि TVK सरकार मौजूदा और नई स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए एक नया तमिलनाडु पब्लिक हेल्थ एक्ट लाने जा रही है. मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित कानून में अस्पतालों के बाहर घर पर बच्चे के जन्म को दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान शामिल होगा. चर्चा के दौरान स्वास्थ्य विभाग के लिए की गई 115 घोषणाओं में से यह पहली घोषणा थी.

घर पर डिलीवरी के बाद महिला की मौत

दूसरी ओर, स्वास्थ्य सचिव दराज अहमद ने कहा कि नया एक्ट जल्द ही लाया जाएगा. हालांकि, इस बीच घर पर डिलीवरी से संबंधित एक संशोधन भी अलग से पेश किया जाएगा, क्योंकि इस पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जरूरत है.

घर पर डिलीवरी कराने के खिलाफ सख्ती बरतने के पीछे हाल की एक घटना को बड़ी वजह माना जा रहा है. कोयंबटूर जिले में हाल ही में सामने आए एक मामले के बाद यह मुद्दा चर्चा में आया है. जून में, उथुकुली के पास पुंजई थलाइविपालयम की रहने वाली 32 साल शशिकला की घर पर अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने के 4 दिन बाद एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी.

Related Articles

Back to top button