गोरखपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, गिरने के बाद बुजुर्ग की मौत
गोरखपुर के उरवा क्षेत्र में बांस का बाड़ा हटाने को लेकर बहू-पोती से विवाद के बाद 70 वर्षीय राजाराम यादव गिरकर घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः परिवार के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया। उरवा थाना क्षेत्र के हुसैनपुर उर्फ खट्कापुरा गांव में मंगलवार को बांस का बाड़ा हटाने को लेकर कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। इसमें 70 वर्षीय राजाराम यादव गिरकर घायल हो गए। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बहू-पोती से कहासुनी के बाद हुई धक्का-मुक्की
जानकारी के अनुसार, राजाराम यादव ने घर के पास जानवरों को रोकने के लिए बांस का बाड़ा लगा रखा था। मंगलवार को उनकी बहू और पोती ने किसी काम से बाड़ा हटा दिया। इसी बात को लेकर राजाराम और बहू-पोती के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया गया कि विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान राजाराम गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई। शुरुआत में मामला सामान्य लगा, लेकिन कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही उरवा पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में माहौल गमगीन बताया जा रहा है।
पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
उरवा थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: ऑटो में बैठी महिलाओं ने रची ऐसी चाल, चेन चोरी करते ही मचा शोर और फिर पकड़ी गईं तीनों



