नदी में नहाना पड़ा भारी! पांच किशोर डूबे, चार बचे लेकिन एक की चली गई जान
बिसौली के ललुआ नगला के पास अरिल नदी में नहाते समय पांच किशोर तेज बहाव में डूबने लगे। ग्रामीणों ने चार को बचा लिया, जबकि 17 वर्षीय मोहित की मौत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः अरिल नदी का तेज बहाव मंगलवार शाम पांच किशोरों के लिए काल बन गया। ललुआ नगला गांव के पास नदी में नहाने पहुंचे किशोर अचानक गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। काफी प्रयास के बाद चार किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 17 वर्षीय मोहित की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
तेज बहाव में फंसे पांच किशोर
बताया गया कि पांचों किशोर अरिल नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान तेज बहाव के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों और राहगीरों की तत्परता से चार किशोरों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। हादसे में मोहित पुत्र छोटेलाल की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हादसे का स्थान बिसौली और सिरौली (आंवला) थाना क्षेत्र की सीमा के करीब बताया गया है। इसके चलते सिरौली पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
मोहित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी से होने वाले खतरे को सामने ला दिया है।
रिपोर्ट: संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: महाकाल के जयकारों से गूंजा बिसौली, शाही सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब



