Ganga Expressway Accident: एक कुत्ते को बचाने की कोशिश में पलटी अर्टिगा, तीन लोगों की दर्दनाक मौत

बदायूं के गंगा एक्सप्रेस-वे पर बनकोटा के पास अर्टिगा कार कुत्ते को बचाने में पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत और छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को रफ्तार और एक पल की चूक ने तीन परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। बनकोटा के पास नेपाल से चंडीगढ़ जा रही अर्टिगा कार सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कुत्ते को बचाने में पलटी कार

जानकारी के मुताबिक टैक्सी में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। बनकोटा के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और अर्टिगा पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, दो महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने का प्रयास बताई जा रही है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

रिपोर्ट: संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: नदी में नहाना पड़ा भारी! पांच किशोर डूबे, चार बचे लेकिन एक की चली गई जान

Related Articles

Back to top button