गोरखपुर: पहले फोन पर परेशान करने का आरोप, फिर छात्रा की मौत… अब तीन पर FIR
गोरखपुर के खजनी में 11वीं की छात्रा अर्पिता की मौत के मामले में मां की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः खजनी क्षेत्र के रुद्रपुर गांव में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के करीब 15 दिन बाद छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। परिवार ने मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर बेटी को कथित तौर पर परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी छात्रा
पुलिस के अनुसार अर्पिता मूल रूप से चिलुआताल थाना क्षेत्र के केवटलिया-सिंघोरवां गांव की रहने वाली थी और रुद्रपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। छात्रा की मां शकुंतला साहनी ने आरोप लगाया कि विष्णु साहनी, गुलशन साहनी और आंचल साहनी उनकी बेटी को पहले भी फोन कर परेशान करते थे। इसी कथित उत्पीड़न से परेशान होकर छात्रा के आत्मघाती कदम उठाने का आरोप लगाया गया है।
घर में अकेली मिली थी अर्पिता
घटना तीन अगस्त की है। उस समय छात्रा के माता-पिता वैद्यनाथधाम गए हुए थे, जबकि मौसी और नाना भी घर पर नहीं थे। दोपहर करीब 2:45 बजे उसके मौसा सुनील घर पहुंचे। गेट अंदर से बंद था। आवाज देने पर जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो अर्पिता कमरे में मृत मिली। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी।
15 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के करीब 15 दिन बाद 17 अगस्त को खजनी थाने में केस संख्या 262/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: Ganga Expressway Accident: एक कुत्ते को बचाने की कोशिश में पलटी अर्टिगा, तीन लोगों की दर्दनाक मौत



