कंबल फैक्ट्री कर्मचारी को किसने मारी गोली? CCTV से खुल सकता है राज
गोरखपुर के खजनी में छताई पुल के पास कंबल कारखाना कर्मचारी रोशन सिंह के सीने में गोली लगने से सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अचानक गोली चलने की खबर से हड़कंप मच गया। छताई पुल के पास कंबल कारखाने में काम करने वाले कर्मचारी रोशन सिंह गंभीर हालत में सड़क किनारे मिले। उनके सीने में गोली लगी थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताई। गोली किसने चलाई और वारदात की वजह क्या थी, फिलहाल इसका जवाब पुलिस तलाश रही है।
सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले रोशन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली लगने के बाद रोशन सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े थे। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट मनीष सिंह और एमटी आज्ञा राम मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना की सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक एंबुलेंस घायल को अस्पताल लेकर रवाना हो चुकी थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस अब घायल के बयान और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
CCTV से खुल सकता है वारदात का राज
गोलीकांड के पीछे किसी विवाद की भूमिका थी या हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर सकती है। हमलावर कितने थे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोलीकांड की वास्तविक वजह सामने आएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: पहले फोन पर परेशान करने का आरोप, फिर छात्रा की मौत… अब तीन पर FIR



