मिर्जापुर में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात, कार में युवक को बांधा और फिर रेत दिया गला
मिर्जापुर के सक्तेशगढ़ में युवक को कार में बंधक बनाकर चाकू से गला रेतने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः पहाड़, सुनसान रास्ता और दिनदहाड़े खून से लथपथ पड़ा एक युवक। मिर्जापुर के सक्तेशगढ़ क्षेत्र में बुधवार को सामने आई इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने 30 वर्षीय युवक को कार में बंधक बनाया और सुनसान पहाड़ी इलाके में ले जाकर चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद उसे अधमरा हालत में छोड़कर फरार हो गए। चरवाहे की नजर पड़ने के बाद घटना का पता चला और पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
कार में बांधकर पहाड़ी इलाके में ले गए
जानकारी के मुताबिक चुनार थाना क्षेत्र की सक्तेशगढ़ चौकी के शहीद बाबा के पास यह घटना हुई। सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग एक युवक को कार में हाथ-पैर और गले को गमछे से बांधकर लेकर पहुंचे। आरोप है कि सुनसान जगह पर उन्होंने युवक पर चाकू से हमला किया और उसे खून से लथपथ हालत में छोड़कर पहाड़ी रास्ते से भाग निकले।
वहां से गुजर रहे चरवाहे ने युवक को देखा तो शोर मचाया। ग्रामीणों की भीड़ जुटी और डायल 112 को सूचना दी गई।
सोनभद्र के युवक की हुई पहचान
सूचना मिलते ही सक्तेशगढ़ चौकी के एसआई प्रवीण कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को 112 की गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ भेजा गया। कार में मिले पर्स और आधार कार्ड से घायल की पहचान हिमांशु कुमार तिवारी (30), निवासी पिड़रिया, थाना घोरावल, सोनभद्र के रूप में हुई।
चुनार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय शंकर सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है।
पुरानी रंजिश और लूट के एंगल से जांच
पुलिस के मुताबिक हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश और लूट समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई घटना से शहीद बाबा क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मीरजापुर
यह भी पढ़ें: पहले बाहर की दवा का आरोप, फिर एक्सरे विभाग में हाथापाई… मेडिकल कॉलेज के VIDEO वायरल



