गांधी प्रतिमा के पास कूड़ा और अतिक्रमण से भड़के लोग, तहसील पहुंचकर दिया ज्ञापन
सीतापुर के महमूदाबाद में गांधी प्रतिमा के पास गंदगी और अतिक्रमण को लेकर कांग्रेसियों व कस्बावासियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। सफाई, ट्रांसफार्मर हटाने और शेड की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः महमूदाबाद के चतुरबहेड़ मोड़ पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास गंदगी और कथित अतिक्रमण को लेकर कांग्रेसियों और कस्बावासियों ने नाराजगी जताई। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग महमूदाबाद तहसील पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा स्थल की सफाई, अतिक्रमण हटाने और परिसर को व्यवस्थित कराने की मांग की।
प्रतिमा के आसपास कूड़ा-मलबा डालने का आरोप
कांग्रेस के प्रदेश सचिव अल्पसंख्यक अब्दुल्ला खान ने आरोप लगाया कि गांधी प्रतिमा के आसपास कुछ लोग कूड़ा-कचरा और घरों का मलबा डाल रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह प्रतिमा स्थल की जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। कस्बावासियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ट्रांसफार्मर हटाने और शेड बनाने की मांग
ज्ञापन में प्रतिमा के पास विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर रखे जाने पर भी आपत्ति जताई गई। कांग्रेसियों और स्थानीय लोगों ने इसे किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। साथ ही गांधी प्रतिमा के आसपास चबूतरा और शेड बनवाने की मांग रखी गई, जिससे प्रतिमा को सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सके।
तहसीलदार से कार्रवाई की मांग
कस्बावासियों ने प्रतिमा के आसपास फैली गंदगी और अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल की नियमित सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित होना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान अनीस अंसारी, शुएब अंसारी, अय्यूब अहमद डंपी, डॉ. निजामुद्दीन आजाद, मंसूर अली सलमानी, अब्दुल रहमान खान और सलीम प्रधान समेत कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कानपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर, स्टीमर से उतरे पुलिस कमिश्नर; जानिए क्यों बढ़ी सतर्कता



