ICU में मंत्री और अस्पतालों में बढ़ी भीड़, कितना फैल चुका है H1N1 फ्लू?
देश में H1N1 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. राजस्थान के कृषि मंत्री इससे संक्रमित होकर ICU में भर्ती हैं. बुखार, खांसी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें. सरकार ने भी इससे बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: देश में H1N1 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. राजस्थान के कृषि मंत्री इससे संक्रमित होकर ICU में भर्ती हैं. बुखार, खांसी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें. सरकार ने भी इससे बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है.
देश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. हर तरफ लोग खांसी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं. राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा तो इससे संक्रमित होकर आईसीयू में भर्ती हो गए. उन्हें सवाई मान सिंह अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है.
अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मीणा ने कुछ दिन पहले स्वाइन फ्लू का टेस्ट कराया था और रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. मंगलवार देर रात उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया.
देश में कितना फैल गया H1N1 फ्लू?
देश के कुछ हिस्सों में स्वाइन फ्लू और इन्फ्लूएंजा के मामलों में तेजी देखी गई है. राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली में यह तेजी से पैर पसार रहा है. यहां 2000 से ज्यादा H1N1 के मामले दर्ज हुए हैं.
हालांकि, ज्यादातर मामले हल्के हैं, लेकिन बुजुर्ग और हाई रिस्क मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. डॉक्टरों का कहना है कि खांसी, बुखार, गले में खराश और शरीर में तेज दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें. हाथों की सफाई, मास्क और स्वच्छता का ध्यान रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें.
कहां कितने मामले?
दिल्ली-NCR: यहां मामलों में तेजी देखी गई है. पिछले साल की तुलना में इस साल H1N1 के मामले करीब 8 गुना बढ़ गए हैं. पिछले साल इसी अवधि में सिर्फ 229 केस दर्ज हुए थे. दिल्ली में फ्लू के मामले 2300 के पार पहुंच चुके हैं. नोएडा में भी 100 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं.
केरल: इस साल राज्य में इन्फ्लूएंजा के 7400 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. इसमें मौतों के आंकड़े भी शामिल हैं.
कर्नाटक: इस साल जनवरी से अब तक 4000 से अधिक मामले आ चुके हैं. हालांकि, इनमें से अधिकांश पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और एक्टिव केस बेहद कम बचे हैं.
अन्य राज्यों का क्या हाल?
वहीं, अगर अन्य राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में 300 से ज्यादा मामले सामने आए हैं. वहीं, उत्तराखंड, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.
ICMR ने क्या कहा?
ICMR के मुताबिक, देश में H1N1 के मामले कुछ समय पहले बढ़े थे, लेकिन अब इनमें धीरे-धीरे कमी आ रही है. दिल्ली में भी पिछले चार-पांच सप्ताह के दौरान संक्रमण के मामले ज्यादा रहे. हालांकि, पिछले करीब दो सप्ताह में मामलों में गिरावट देखी गई है. इस सप्ताह के आंकड़ों का अभी इंतजार है. राजधानी दिल्ली में अब तक करीब 650 फ्लू के मामले दर्ज किए गए हैं.
सरकार ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली में फ्लू के बढ़ते मामले को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है. सरकार ने लोगों से लोगों से अपील की है कि वो सांस संबंधी स्वच्छता का पालन करें, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और लक्षण दिखने पर समय पर डॉक्टर की सलाह लें. खांसते या छींकते समय अपने मुंह और नाक को ढकें, हाथों को साबुन और पानी से लगातार धोएं, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें.
इसके साथ ही सांस से जुड़ी बीमारी से पीड़ित लोगों से नजदीकी संपर्क से बचने की सलाह दी गई है. वहीं लोगों को आंखों और नाक को छूने से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने और अधिक मात्रा में तरल पदार्थ लेने की भी सलाह दी गई है.



