विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय मंत्री हिरासत में, मथुरा कूच की थी तैयारी

दीपक राय ने बताया कि मथुरा कूच का मुख्य उद्देश्य ब्रज क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग के समर्थन में आवाज उठाना है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मथुरा के ब्रज क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से घोषित मथुरा कूच यात्रा के दौरान रविवार को पुलिस ने परिषद के राष्ट्रीय मंत्री दीपक राय को हिरासत में ले लिया। वह समर्थकों के साथ बांसगांव थाना क्षेत्र के धनौड़ा बुजुर्ग से मथुरा के लिए रवाना हुए थे।

दीपक राय सुबह करीब 10 बजे समर्थकों के साथ यात्रा पर निकले और कौड़ीराम चौराहे पर पहुंचे। यहां पहले से तैनात पुलिस प्रशासन ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।

दीपक राय ने बताया कि मथुरा कूच का मुख्य उद्देश्य ब्रज क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग के समर्थन में आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि यह मांग रोहित मालवन की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन से भी जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के साथ ही ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाने हैं।

पुलिस को सौंपा ज्ञापन

मथुरा कूच से पहले दीपक राय ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी गोरखपुर को संबोधित ज्ञापन पुलिस प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन को उपजिलाधिकारी बांसगांव के माध्यम से जिलाधिकारी तक भेजे जाने की बात कही गई है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button