सवारी भरने को लेकर वाहन स्वामियों में मारपीट, स्टेशन रोड पर पुलिस ने बढ़ाई सख्ती

गोरखपुर के रेलवे स्टेशन से सवारी भरने को लेकर कार वाहन स्वामियों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद कैंट थाना पुलिस ने स्टेशन रोड पर सख्ती बढ़ा दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के रेलवे स्टेशन से सवारी भरने को लेकर कार वाहन स्वामियों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद कैंट थाना पुलिस ने स्टेशन रोड पर सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने स्टेशन रोड पर वाहनों के खड़े होने पर रोक लगाने के लिए दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई है।

बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन से सवारी भरने को लेकर कार वाहन स्वामियों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद पुलिस ने स्टेशन रोड पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर सवारी भरने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

कैंट थाना पुलिस की ओर से तैनात किए गए दो सिपाही स्टेशन रोड पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। सड़क पर वाहन खड़ा मिलने पर चालान से लेकर वाहन सीज करने तक की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सख्ती के बाद स्टेशन रोड पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन से करीब 250 कारों का संचालन होता है। इन वाहनों से यात्रियों को गोरखपुर से लखनऊ और सोनौली रूट पर ले जाया जाता है। बड़ी संख्या में वाहनों के स्टेशन रोड पर खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही सवारी भरने को लेकर वाहन स्वामियों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।

मारपीट की घटना के बाद कैंट थाना पुलिस अब स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और वाहनों के अनधिकृत रूप से खड़े होने पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button