दोस्तों के साथ नहाने गया 19 वर्षीय रवि लापता, पेड़ की डाल में फंसा मिला शव

सीतापुर के पिरई नदी में डूबे 19 वर्षीय छात्र रवि राठौर का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। वह शनिवार को दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था और गहरे पानी में डूब गया था। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के पिरई नदी में डूबे 19 वर्षीय छात्र रवि राठौर का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। वह शनिवार को दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था और गहरे पानी में डूब गया था। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के पिपरी खुर्द गांव निवासी रवि राठौर (19) पुत्र विजय शंकर शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ गाड़ी घाट पुल के पास पिरई नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। इसी दौरान नदी किनारे एक सिरसा के पेड़ की डाल में उसका शव फंसा मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button