नौतनवा में युवक की मौत के बाद बवाल, डेढ़ घंटे सड़क जाम; अस्पताल ने बताया दूसरा कारण
नौतनवा के अनन्या अस्पताल में 36 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इंजेक्शन के बाद हालत बिगड़ने का आरोप लगाया, जबकि अस्पताल ने लापरवाही से इनकार किया। पुलिस जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महराजगंज के नौतनवा में मंगलवार रात एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा हुआ। खनुआ तिराहा के पास तहसील रोड स्थित अनन्या अस्पताल में 36 वर्षीय विनोद की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। आक्रोशित स्वजन ने करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
सांस फूलने पर अस्पताल में कराया था भर्ती
मृतक के पिता ओमप्रकाश के अनुसार, सांस फूलने की शिकायत के बाद विनोद को अनन्या अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद नाक और मुंह से खून आने लगा और कुछ देर बाद विनोद की मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन अस्पताल में जमा हो गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
अस्पताल ने लापरवाही के आरोप से किया इनकार
अस्पताल के डॉ. अमित चौधरी ने इलाज में लापरवाही के आरोप से इनकार किया। उनका कहना है कि विनोद को अस्पताल लाए जाने के समय ही हालत गंभीर थी। जांच के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रेफर किया गया था।
दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की कार्रवाई
हंगामे की सूचना पर नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब रात 10 बजे से 11:30 बजे तक सड़क जाम रहा। नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बांदा: V-Mart के पास पड़ा था शव, राहगीरों ने देखा तो मच गई सनसनी; पुलिस जांच में जुटी



