AK-47 समेत कई हथियार गायब, सिकंदराबाद कैंट में सुरक्षा को लेकर मचा हड़कंप

सेना की छावनी से हथियारों के गायब होने के बाद हड़कंप मच गया. सेना ने पूरे कैंट इलाके को हाई अलर्ट पर रखा है, और पुलिस ने जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच शुरू कर दी है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सेना की छावनी से हथियारों के गायब होने के बाद हड़कंप मच गया. सेना ने पूरे कैंट इलाके को हाई अलर्ट पर रखा है, और पुलिस ने जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच शुरू कर दी है.

तेलंगाना के सिकंदराबाद छावनी में सेना के एक स्टोरेज बैरक से कल मंगलवार को हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा गायब हो गया. सेना ने इस मामले की शिकायत पुलिस थाने में कराई. सिकंदराबाद में सेना के एक ठिकाने से 4 AK-47 समेत 11 राइफल और पिस्तौल के अलावा मैगजीन तथा गोला-बारूद चोरी हो गए.

पुलिस ने सेना की छावनी में हुई चोरी के बारे में बताया कि सिकंदराबाद में सेना के एक ठिकाने से असॉल्ट राइफल और पिस्तौल के अलावा भारी मात्रा में मैगजीन और गोला-बारूद चोरी हो गए. उन्होंने बताया कि चोरी के बाद, सेना के अधिकारियों ने हथियारों के नुकसान की वजहों का पता लगाने के लिए बड़े स्तर पर आंतरिक जांच शुरू कर दी है. चोरी गए ये हथियार बरामद कर लिए गए. वहीं चोरी के मामले में 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है.

बैरक के दरवाजे तोड़कर निकाले गए हथियार

मीडिया से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, गायब हथियारों में 4 AK-203 असॉल्ट राइफल, एक INSAS राइफल और 6 (9 एमएम) पिस्टल शामिल थे. इसके अलावा बड़ी मात्रा में गोला-बारूद भी चोरी हो गए थे. ये हथियार सिकंदराबाद में मद्रास रेजिमेंट के हथियार स्टोरेज बैरक के दरवाजे तोड़कर निकाले गए.

पुलिस सूत्रों का कहना है कि चोरी के इस मामले में 2 से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं. यह घटना बोलारम पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आती है, जो हैदराबाद में मलकजगिरी पुलिस कमिश्नरेट जोन का हिस्सा है.

चोरी की यह घटना सोमवार सुबह करीब 7:50 बजे सामने आई. ये हथियार 20 मद्रास रेजिमेंट के परिसर में बने एक स्टोर रूम से चोरी हुए. चोरी का पता तब चला जब सेना के लोग ‘कोट और बटालियन मैगजीन’ (गोला-बारूद स्टोरेज) को खोलने के लिए गए, तब दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले.

चोरी की घटना से सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस इलाके में मुख्य रूप से सेना के जवान ही आते-जाते हैं. सिकंदराबाद में मद्रास रेजिमेंट (20वीं बटालियन) के एक लेफ्टिनेंट कर्नल की ओर से शिकायत किए जाने के बाद, सर्विस हथियारों और गोला-बारूद की चोरी का मामला दर्ज किया गया. चोरी की इस घटना से हथियारों के स्टोरेज सेंटर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा न होने पर भी सवाल उठाए खड़े हो गए हैं.

घटना को लेकर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “मामले की जांच चल रही है.” हथियारों के गायब होने को लेकर दर्ज कराई गई FIR के अनुसार, 5 असॉल्ट राइफल, 7 पिस्तौल, 21 मैगजीन, हथियारों के लिए गोला-बारूद और एक पैसिव नाइट विजन दूरबीन चोरी हो गई है और स्टोरेज फैसेलिटिज के दरवाजे के ताले भी खुले मिले.

चोरी का समय और वजहों का खुलासा नहीं

पुलिस का कहना है कि सेना की ओर से गायब हथियारों और गोला-बारूद का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने को लेकर जरूरी और तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया गया. हथियारों और गोला-बारूद की आखिरी बार गिनती 30 अगस्त को शाम 6 बजे की गई थी. शिकायत के अनुसार, “इन चीजों के गायब होने या चोरी होने की परिस्थितियों और सही समय का अभी पता नहीं चल सका है.”

पुलिस के अनुसार, सेना की यूनिट के अधिकारियों ने तुरंत जरूरी कदम उठाए, जिसमें जरूरत पड़ने पर इलाके को सील करना और चेन ऑफ कमांड तथा अन्य अधिकारियों को सूचित करना शामिल है. वहीं सेना के अधिकारियों ने आंतरिक जांच भी शुरू कर दी.

छावनी से हथियारों के गायब होने के बाद हड़कंप मच गया. पूरे हथियारों और गोला-बारूद के स्टॉक और दस्तावेजों का फिर से सत्यापन किया गया. अधिकृत स्टोरेज क्षेत्रों और आस-पास के परिसरों की तलाशी ली गई.

Related Articles

Back to top button